जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसला में जमीन और संपत्ति के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शनिवार रात एक दंपती पर उनके रिश्तेदार और उसके साथियों ने कथित तौर पर लाठी और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल है। उसे उपचार के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कोसला के छोटे भाटा में रहने वाला पुन्नी राम साहू मूल रूप से सलखन का निवासी है। वह अपनी पत्नी के साथ ससुराल में रह रहा था। बताया जा रहा है कि पुन्नी राम का जनक राम के साथ जमीन और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

रात करीब आठ बजे हुआ हमला

शनिवार रात करीब आठ बजे पुराना विवाद एक बार फिर सामने आया। आरोप है कि इसी दौरान जनक राम ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पुन्नी राम और उसकी पत्नी पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी और धारदार हथियार से दोनों पर कई वार किए, जिससे दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पामगढ़ पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को बिलासपुर स्थित सिम्स रेफर किया गया। उपचार के दौरान महिला की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि पुन्नी राम की हालत गंभीर बनी हुई है।

ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

वारदात के बाद ग्रामीणों ने मुख्य आरोपी बताए जा रहे जनक राम को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, घटना में दो अन्य लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है, जिनकी तलाश की जा रही है।

पामगढ़ पुलिस जमीन और संपत्ति विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।