बिलासपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरीखुर्द में डॉक्टरों की अनुपस्थिति और मरीजों को उपचार के लिए इंतजार करने की शिकायत को कलेक्टर संजय अग्रवाल ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को मामले की तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, 31 अगस्त को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरीखुर्द में चिकित्सकों के अनुपस्थित रहने और इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को लंबे समय तक इंतजार करने की खबर सामने आई थी। मामला संज्ञान में आते ही कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की समय पर मौजूदगी सुनिश्चित करना जरूरी है। मरीजों को समय पर और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।