कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बालको थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित डेंगूनाला पुल के पास कोयले से लदे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवाओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, सीजी 10 सीबी 2635 क्रमांक की बाइक पर तीन युवक-युवती सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर (सीजी 12 बीजी 2932) ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सवार सड़क पर जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में डायल-112 और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। घायल युवक को गंभीर अवस्था में जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक युवक और युवती मूल रूप से बिलासपुर जिले के पेंड्रा क्षेत्र के निवासी थे और कोरबा में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम सहित अन्य वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बालको थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर चालक से पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही प्रतीत हो रही है। हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बालको रिंग रोड पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है। तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने और नियमित निगरानी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मृतकों के पैतृक गांव पेंड्रा में शोक की लहर दौड़ गई है।




