रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार सुबह दिल्ली दौरे पर रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने पर प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और अन्य केंद्रीय एजेंसियों को बधाई दी।


सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी पर क्या बोले CM?

दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले के मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए CBI लगातार प्रयास कर रही थी। उसकी गिरफ्तारी जांच एजेंसी के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इस कार्रवाई में शामिल CBI और सभी केंद्रीय एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की।


मामले में जल्द हो सकते हैं बड़े खुलासे

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद महादेव सट्टा ऐप मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आएंगे। आरोपी से पूछताछ के दौरान सट्टेबाजी नेटवर्क, उसके आर्थिक लेन-देन और इस पूरे तंत्र से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिलने की संभावना है।


बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से भी करेंगे मुलाकात

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार सुबह करीब 9:45 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुए। अपने दिल्ली प्रवास के दौरान उनकी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात होने की संभावना है।

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर की ओमान से भारत वापसी के बाद छत्तीसगढ़ में भी इस प्रकरण को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब जांच एजेंसियों की पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर रहेगी।