मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र को शिक्षा और विकास की बड़ी सौगात दी है। ग्राम कंतेली में नवीन महाविद्यालय का शुभारंभ किया गया। खास बात यह है कि इसी गांव में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने अपनी स्कूली शिक्षा प्राप्त की थी। मुख्यमंत्री ने जिले में 465 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।

कभी पैदल चलकर स्कूल पहुंचते थे तोखन साहू

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने अपने बचपन की यादों को साझा किया। उन्होंने बताया कि वे अपने गृहग्राम डिंडौरी से पैदल चलकर कंतेली के स्कूल में पढ़ाई करने आते थे। आज उसी गांव में महाविद्यालय की शुरुआत होना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

पांच करोड़ से बदलेगी पुराने स्कूल की तस्वीर

जिस विद्यालय में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने पढ़ाई की थी, उसे अब आधुनिक मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। स्कूल में डिजिटल कक्षाएं, आधुनिक प्रयोगशालाएं और खेलकूद की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

डिंडौरी गांव पहुंचने वाले पहले मुख्यमंत्री बने साय

कंतेली में आयोजित कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के गृहग्राम डिंडौरी पहुंचे। बताया गया कि आजादी के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ के किसी मुख्यमंत्री ने इस गांव का दौरा किया। ग्रामीणों ने पारंपरिक नृत्य, रामधुन और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री साय ने तोखन साहू के परिवार के वरिष्ठ सदस्यों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान गांव में उत्साह का माहौल रहा।

ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ

कंतेली में कॉलेज खुलने से लोरमी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार होगा। विशेष रूप से छात्राओं को अपने क्षेत्र के नजदीक पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। वहीं, मॉडल स्कूल की योजना से स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।