रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 ने शुरू होने के महज एक महीने के भीतर ही आम जनता का भरोसा जीत लिया है। 13 जुलाई 2026 तक हेल्पलाइन के माध्यम से 42,653 शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है। इनमें 13,600 शिकायतकर्ताओं ने समाधान से संतुष्ट होकर स्वयं अपने प्रकरण बंद कराए, जो इस व्यवस्था की प्रभावशीलता और जनता के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।


मुख्यमंत्री साय बोले- जनता की समस्या का त्वरित समाधान हमारी प्राथमिकता

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के हर नागरिक की समस्या का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से शुरू की गई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 आज शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम बन चुकी है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि किसी भी सरकारी समस्या या शिकायत के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 का अधिक से अधिक उपयोग करें और इसकी जानकारी अपने आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि हर जरूरतमंद नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सके।


24 घंटे सक्रिय रहती है हेल्पलाइन

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह हेल्पलाइन केवल शिकायत दर्ज कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकार की जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित कार्यप्रणाली का सशक्त उदाहरण है। यह सेवा 24 घंटे, सप्ताह के सातों दिन संचालित होती है।

इसके लिए समर्पित कॉल सेंटर में पर्याप्त कर्मचारी तैनात हैं, जो शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाते हैं। शिकायतों के निराकरण के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय की गई है और तहसीलदार से लेकर सचिव स्तर तक करीब 8,000 अधिकारी इस व्यवस्था से जुड़े हुए हैं।


अब एक कॉल पर दर्ज होगी शिकायत

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार ऐसा प्रशासन विकसित कर रही है, जहां नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अब सिर्फ एक फोन कॉल के जरिए शिकायत दर्ज होती है, उसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाती है और तय समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाता है।

उन्होंने कहा कि इससे शासन और जनता के बीच संवाद पहले से अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी हुआ है तथा प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।


इन विभागों में सबसे ज्यादा शिकायतें

विभागवार आंकड़ों के अनुसार ऊर्जा विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से संबंधित शिकायतें सबसे अधिक प्राप्त हुईं।

समाधान के मामले में भी इन विभागों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए—

  • ऊर्जा विभाग – 3,066 शिकायतों का समाधान
  • पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग – 2,530 शिकायतों का समाधान
  • राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग – 1,314 शिकायतों का समाधान

सफलतापूर्वक किया।


सुशासन की नई पहचान बन रही है CM हेल्पलाइन

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक आधारित यह व्यवस्था प्रदेश में सुशासन को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन रही है। आने वाले समय में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का दायरा और अधिक बढ़ाया जाएगा, ताकि प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक भी त्वरित और गुणवत्तापूर्ण प्रशासनिक सेवाएं पहुंच सकें।

उन्होंने कहा कि "समस्या तुंहर, समाधान हमर" की भावना के साथ संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 आज विकसित छत्तीसगढ़ के जन-केंद्रित, पारदर्शी और जवाबदेह शासन मॉडल की मजबूत पहचान बन चुकी है।