कोरिया, 5 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कचहरीपारा स्थित किराए के मकान में छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। छात्रा की मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।


किराए के मकान में रहकर कर रही थी पढ़ाई

मृत छात्रा की पहचान सूरजमुखी लकड़ा (17 वर्ष) के रूप में हुई है। वह ग्राम मोदीपारा की रहने वाली थी और बैकुंठपुर के शासकीय कन्या विद्यालय में कक्षा 12वीं की छात्रा थी। पढ़ाई के लिए वह कचहरीपारा में किराए का कमरा लेकर रह रही थी।


कमरे का दरवाजा अंदर से था बंद

जानकारी के अनुसार, छात्रा का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। घटना की जानकारी मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है। हालांकि, छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी पता नहीं चल सका है।

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

फिलहाल, पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।