कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। बसंत नगर निवासी 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने कथित तौर पर बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देर रात हुई घटना

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान निहारिका महिलांगे के रूप में हुई है। वह पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, भानुप्रतापपुर में कक्षा 12वीं की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार तड़के करीब 2 बजे उसने अपने घर के बाथरूम में फंदा लगाकर जान दे दी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई।

आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं

प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल छात्रा द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.