रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से शुक्रवार को सिंगापुर पहुंचे। वहां भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री साय सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित प्रथम SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
वैश्विक निवेशकों के सामने रखेंगे छत्तीसगढ़ की संभावनाएं
फोरम के दौरान मुख्यमंत्री राज्य की उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने प्रस्तुत करेंगे। राज्य सरकार का फोकस उद्योग, अधोसंरचना, प्राकृतिक संसाधन, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने पर रहेगा।
CEO राउंडटेबल में होगी उद्योग जगत से चर्चा
SING फोरम 2026 के दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में मुख्यमंत्री साय सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें छत्तीसगढ़ में अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों और राज्य की नई औद्योगिक नीति पर चर्चा की जाएगी।
छत्तीसगढ़ को प्रमुख निवेश गंतव्य बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में शामिल करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधनों की उपलब्धता, मजबूत अधोसंरचना और कुशल मानव संसाधन राज्य की प्रमुख ताकत हैं।
वैश्विक निवेश मानचित्र पर पहचान मजबूत करने की कोशिश
राज्य सरकार का मानना है कि SING फोरम जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच छत्तीसगढ़ की विकास संभावनाओं को वैश्विक स्तर पर सामने रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। मुख्यमंत्री की इस यात्रा के दौरान निवेशकों के साथ होने वाली बैठकों से प्रदेश में नए निवेश प्रस्तावों की संभावनाएं बढ़ने की उम्मीद जताई गई है।





