स्वास्थ्य विभाग के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में होंगे शामिल, स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के बाद उत्कृष्ट किसानों का करेंगे सम्मान; रात में करम पूजा महोत्सव में करेंगे शिरकत
रायपुर, 27 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को राजधानी रायपुर में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का आज का दिन प्रशासनिक बैठकों, विभागीय समीक्षा और विभिन्न आयोजनों में बीतेगा। वे नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेने के साथ स्वास्थ्य विभाग के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा करेंगे और उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित करेंगे।
मंत्रालय में अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:30 बजे नवा रायपुर स्थित मंत्रालय पहुंचेंगे। यहां दोपहर 1:30 बजे तक महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल होंगे। इस दौरान राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें शासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है।
स्वास्थ्य विभाग के अभ्यर्थियों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
मंत्रालय में बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे। यहां स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे तक निर्धारित है।
शिक्षा व्यवस्था की प्रगति पर होगी समीक्षा
मुख्यमंत्री दोपहर 3 बजे स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे। करीब एक घंटे तक चलने वाली इस बैठक में विभागीय योजनाओं, शैक्षणिक गतिविधियों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की जाएगी। बैठक में विभाग के कामकाज और योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
उत्कृष्ट कृषक रत्न सम्मान समारोह में लेंगे हिस्सा
शिक्षा विभाग की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री शाम 4:10 बजे रायपुर के सिविल लाइन स्थित सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां आयोजित उत्कृष्ट कृषक रत्न सम्मान समारोह में भाग लेंगे। इस अवसर पर कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 4:40 बजे तक चलेगा।
करम पूजा महोत्सव में होंगे शामिल
दिनभर के सरकारी कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री रात 9 बजे रोहिणीपुरम स्थित वनवासी कल्याण आश्रम परिसर पहुंचेंगे। यहां करम पूजा एवं महोत्सव में शामिल होकर सांस्कृतिक आयोजन में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम रात 10 बजे तक निर्धारित है। इसके बाद मुख्यमंत्री रात 10:15 बजे अपने शासकीय निवास लौटेंगे।
मुख्यमंत्री के मंगलवार के कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़े आयोजन शामिल हैं। वहीं, मंत्रालय में होने वाली बैठकों पर भी नजर रहेगी।





