रायपुर। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित कर दिया गया है। वह भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 7 और 8 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर रायपुर आने वाले थे, लेकिन अंतिम समय में कार्यक्रम टाल दिया गया।
CEO कार्यालय ने जारी किया पत्र
रायपुर स्थित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) कार्यालय ने इस संबंध में राज्य सरकार के शिष्टाचार विभाग को आधिकारिक पत्र भेजकर दौरा स्थगित होने की जानकारी दी है। पत्र में कार्यक्रम टलने का कारण “अपरिहार्य कारण” बताया गया है।
राज्य अतिथि घोषित किए गए थे CEC
ज्ञानेश कुमार के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। राज्य सरकार ने उन्हें ‘राज्य अतिथि’ का दर्जा दिया था। इसके तहत उनके ठहरने, सुरक्षा और परिवहन से जुड़े प्रोटोकॉल तय किए गए थे।
कुछ घंटे बाद ही वापस हुआ कार्यक्रम
राज्य के शिष्टाचार विभाग ने मंगलवार को दौरे को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसके कुछ ही घंटे बाद निर्वाचन कार्यालय की ओर से नया पत्र जारी कर कार्यक्रम स्थगित किए जाने की सूचना दी गई।
नई तारीख अभी तय नहीं
फिलहाल मुख्य चुनाव आयुक्त के छत्तीसगढ़ दौरे की नई तारीख घोषित नहीं की गई है। अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली से नया कार्यक्रम मिलने के बाद इसकी जानकारी दी जाएगी।
विरोध प्रदर्शनों के बीच टला दौरा
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में विपक्षी दल विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि, निर्वाचन कार्यालय की ओर से दौरा स्थगित होने का आधिकारिक कारण केवल “अपरिहार्य कारण” बताया गया है।





