रायपुर। सावन के बीच सक्रिय मौसम प्रणाली के चलते छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले चार दिनों तक अधिकांश जिलों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ी रहेंगी। कई स्थानों पर तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में सबसे अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। हालांकि, अब तक प्रदेश में मानसूनी बारिश सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों के दौरान रायपुर सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। बीच-बीच में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।