रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर सामने आया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने 2292 सहायक शिक्षक पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी सीजी व्यापम (CG Vyapam) की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। भर्ती के साथ परीक्षा का विस्तृत सिलेबस भी जारी कर दिया गया है।
2292 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 2292 पद भरे जाएंगे। इनमें ई-संवर्ग के 795 पद और टी-संवर्ग के 1497 पद शामिल हैं। आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों में टी-संवर्ग के तहत सबसे अधिक पद निर्धारित किए गए हैं।
जिलों के अनुसार पदों का बंटवारा
टी-संवर्ग में जशपुर में सबसे अधिक 150 पद, बस्तर में 125, रायगढ़ में 120 और बीजापुर में 105 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं ई-संवर्ग में दुर्ग, बिलासपुर और बलौदाबाजार-भाटापारा में सबसे अधिक 80-80 पद रखे गए हैं।
पात्रता और आयु सीमा
भर्ती में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवासी होना आवश्यक है। 1 जनवरी 2026 की स्थिति में आयु 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग और महिला अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
शैक्षणिक योग्यता के तहत अभ्यर्थी का 12वीं में 45 से 50 प्रतिशत अंक, डी.एल.एड. (D.El.Ed.) या बी.एल.एड. (B.El.Ed.) तथा प्राथमिक स्तर की टीईटी (TET) परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
परीक्षा पैटर्न
भर्ती परीक्षा 100 अंकों की होगी। इसमें—
- हिंदी – 15 अंक
- अंग्रेजी – 10 अंक
- गणित – 15 अंक
- पर्यावरण अध्ययन – 10 अंक
- बाल विकास एवं शिक्षा शास्त्र – 15 अंक
- सामान्य मानसिक योग्यता – 15 अंक
- सामान्य ज्ञान – 15 अंक
- कंप्यूटर – 5 अंक
परीक्षा का सिलेबस बाल विकास, समावेशी शिक्षा, गणित, सामान्य ज्ञान और कंप्यूटर जैसे विषयों पर आधारित होगा।
चयन प्रक्रिया और वेतन
अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा में प्राप्त मेरिट के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि के लिए होगी। सहायक शिक्षक (अराजपत्रित तृतीय श्रेणी) का वेतन पे मैट्रिक्स लेवल-06 के अनुसार मिलेगा।





