सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जिले के बोदराजपदर जंगल क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और गोला-बारूद का एक डंप बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, जिले में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) रोहित शाह के मार्गदर्शन में भेज्जी थाना पुलिस और सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन की संयुक्त टीम को बोदराजपदर के जंगल में सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था।

अभियान के दौरान जंगल में संदिग्ध स्थान की गहन तलाशी लेने पर नक्सलियों का छिपाया गया डंप बरामद हुआ। तलाशी में एक .315 बोर बोल्ट एक्शन राइफल, 7.62×39 मिमी के 47 जिंदा कारतूस, 7.62×51 मिमी के 2 जिंदा कारतूस तथा एक एल्यूमिनियम कंटेनर जब्त किया गया।

बरामद सामग्री को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सर्च ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद संयुक्त टीम सुरक्षित अपने कैंप लौट आई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नक्सल विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।