रायपुर, 4 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने अपनी अनूठी प्रदर्शनी से बाजी मार ली। नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव में विभाग की प्रदर्शनी को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समापन समारोह के दौरान विभागीय अधिकारियों को यह सम्मान प्रदान किया।

बस्तर की बदलती तस्वीर ने खींचा लोगों का ध्यान

राज्योत्सव में वन विभाग ने ‘बदलता बस्तर-संवरता छत्तीसगढ़’ की थीम पर प्रदर्शनी लगाई थी। इसमें प्रदेश की प्राकृतिक संपदा, वन्यजीव संरक्षण, पर्यटन विकास और बस्तर में हो रहे सकारात्मक बदलावों की झलक दिखाई गई।

कांगेर घाटी, तीरथगढ़ जलप्रपात और इंद्रावती टाइगर रिजर्व से जुड़े आकर्षक मॉडल दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहे।

पर्यटन के साथ रोजगार के अवसरों को किया प्रदर्शित

प्रदर्शनी में वनांचल के युवाओं और महिलाओं को पर्यटन के माध्यम से मिल रहे रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। बस्तर के होमस्टे मॉडल और सुकमा के तुंगल कैफे जैसी पहल को प्रमुखता से दर्शाया गया।

इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण अभियान और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी प्रदर्शनी का हिस्सा बनाया गया।

वन संरक्षण की योजनाओं को मिली पहचान

विभाग ने हाथियों की गतिविधियों की जानकारी देने वाले ‘गज संकेत’ ऐप, गिद्ध संरक्षण और बारनवापारा अभयारण्य में काले हिरणों के संरक्षण जैसी पहलों को भी सामने रखा।

प्रदर्शनी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय समुदायों की भागीदारी का संदेश दिया गया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को किया सम्मानित

राज्योत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया। विभाग की ओर से वरिष्ठ अधिकारियों ने सम्मान प्राप्त किया।

वन मंत्री केदार कश्यप ने इस उपलब्धि पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।