बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में अपनी लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को प्रदेशभर के पटवारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। इसी क्रम में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पटवारियों ने जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में धरना-प्रदर्शन कर राज्य सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया।

पटवारी संघ ने सरकार से राजस्व निरीक्षक (आरआई) और नायब तहसीलदार के पदों पर पदोन्नति में वरिष्ठता एवं विभागीय परीक्षा के आधार पर 50-50 प्रतिशत अवसर सुनिश्चित करने की मांग की। इसके साथ ही वेतन विसंगति दूर करने की भी मांग उठाई गई।

संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में लंबे समय से राजस्व निरीक्षकों के कई पद रिक्त पड़े हैं, जिससे राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना है कि वर्ष 2013 के बाद से पटवारियों की पदोन्नति नहीं हुई, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।

पटवारियों ने कहा कि विभाग में अनुभव और विभागीय परीक्षा के आधार पर पदोन्नति का उचित अवसर मिलना चाहिए। साथ ही वेतन संबंधी विसंगतियों का जल्द समाधान किया जाए, ताकि कर्मचारियों को न्याय मिल सके।

संघ ने स्पष्ट किया कि फिलहाल एक दिवसीय हड़ताल के माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया गया है। यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है तो प्रांतीय स्तर पर बैठक कर आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।