कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में धर्मांतरण को लेकर विरोध एक बार फिर तेज हो गया है। अंतागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कानागांव में ग्रामीणों ने गांव की सीमा पर पास्टर और पादरियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने संबंधी सूचना बोर्ड लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि धर्मांतरण के विरोध में यह कदम उठाया गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में धर्मांतरण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
गायता जोहारनी कार्यक्रम के बाद लगाया गया बोर्ड
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कानागांव में 11 अक्टूबर को सेक्टर स्तरीय गायता जोहारनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ग्रामीणों ने गांव की सीमा पर पास्टर-पादरियों के प्रवेश निषेध का सूचना बोर्ड लगा दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह निर्णय धर्मांतरण के विरोध में लिया गया है।
मुंगवाल गांव से शुरू हुआ था विरोध
कांकेर जिले में इस तरह के सूचना बोर्ड लगाने की शुरुआत भानुप्रतापपुर क्षेत्र के मुंगवाल गांव से हुई थी। वहां ग्रामीणों द्वारा इसी तरह का बोर्ड लगाए जाने के बाद मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना था। अब यह सिलसिला अंतागढ़ क्षेत्र के कानागांव तक पहुंच गया है।
प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार
कानागांव में पास्टर-पादरियों के प्रवेश पर रोक संबंधी बोर्ड लगाए जाने के बाद धर्मांतरण को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। हालांकि, इस मामले में प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि प्रशासन इस बोर्ड को लेकर आगे क्या रुख अपनाएगा।
फिलहाल ग्रामीणों के इस कदम के बाद क्षेत्र में धर्मांतरण का मुद्दा फिर सुर्खियों में है।





