रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस अधिकारी एस. जयवर्धन को केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। वर्ष 2014 बैच के आईएएस अधिकारी जयवर्धन को नई दिल्ली स्थित केंद्रीय गृह मंत्रालय में उप सचिव नियुक्त किया गया है। केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत जारी आदेश में उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

चार वर्षों तक संभालेंगे जिम्मेदारी

केंद्र सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, एस. जयवर्धन की नियुक्ति चार वर्ष की अवधि के लिए की गई है। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से शुरू होगा। हालांकि, प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार सरकार इस अवधि में बदलाव कर सकती है।

छत्तीसगढ़ सरकार को कार्यमुक्त करने के निर्देश

नियुक्ति के संबंध में केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को पत्र भेजा है। इसमें अधिकारी को वर्तमान पद से जल्द कार्यमुक्त करने को कहा गया है, ताकि वे दिल्ली पहुंचकर गृह मंत्रालय में अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकें।

तीन सप्ताह के भीतर देना होगा योगदान

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि एस. जयवर्धन को नियुक्ति आदेश जारी होने के तीन सप्ताह के भीतर नए पद पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित समय में योगदान नहीं देने पर केंद्रीय स्टाफिंग योजना के नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है।

छत्तीसगढ़ कैडर के अधिकारी की केंद्रीय गृह मंत्रालय में नियुक्ति को उनके प्रशासनिक सेवाकाल की एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जा रहा है। अब वे केंद्र सरकार के अधीन गृह मंत्रालय में उप सचिव के रूप में सेवाएं देंगे।