जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तपकरा थाना क्षेत्र के लवाकेरा पुलिस बैरियर के पास तेज रफ्तार हाइवा ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों युवक वाहन के अंदर ही बुरी तरह फंस गए।


कटर मशीन से निकाले गए शव

हादसे की सूचना मिलते ही तपकरा थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। कार की हालत इतनी खराब थी कि शवों को बाहर निकालना संभव नहीं था। इसके बाद कटर मशीन की सहायता से कार को काटकर दोनों युवकों के शव बाहर निकाले गए। हादसे का मंजर इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी।


व्यापारिक काम से लौट रहे थे दोनों युवक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक ओडिशा के सुंदरगढ़ से छत्तीसगढ़ के कुनकुरी लौट रहे थे। वे जूता-चप्पल के थोक कारोबार से जुड़े थे और व्यापारिक कार्य से सुंदरगढ़ गए थे। वापस लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया।


हादसे के बाद चालक फरार

दुर्घटना के तुरंत बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चालक की पहचान कर जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके।


पुलिस जांच में जुटी

तपकरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।