जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब के नशे में घर पहुंचे एक युवक ने भोजन को लेकर हुए मामूली विवाद में अपनी मां की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने से महिला की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वारदात के बाद फरार आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
खाना मांगने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली की है। 7 नवंबर की रात 22 वर्षीय रोशन मिंज उर्फ जिंदल शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी मां वेनेदिक्ता कुजूर से भोजन मांगा। मां ने उसे घर में रखा खाना स्वयं निकालकर खाने को कहा। इसी बात से नाराज युवक ने मां के साथ विवाद शुरू कर दिया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने चूल्हे के पास पड़ी अधजली लकड़ी उठाकर मां पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में महिला के हाथ, पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं।
बीच-बचाव करने पहुंची बहन से भी मारपीट
मां की चीख-पुकार सुनकर बेटी उसे बचाने पहुंची, लेकिन आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद छोटे भाई को धमकाते हुए वह मौके से भाग निकला। परिजनों ने गंभीर रूप से घायल महिला को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
हत्या का मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी रोशन मिंज को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल अधजला लकड़ी का डंडा बरामद किया।
बताया जा रहा है कि आरोपी बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है। पुलिस ने हत्या के मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की विवेचना जारी है।





