नारायणपुर। जिले के बेनूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मालिंगनार (पटेलपारा) में गोवंश वध के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मौके से गोवंश का मांस, खाल और वध में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

सूचना पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

पुलिस के अनुसार 27 जून को सूचना मिली थी कि मालिंगनार पटेलपारा में कुछ लोग गोवंश का वध कर रहे हैं। सूचना मिलते ही बेनूर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल पर 12 लोग गोवंश के वध में संलिप्त पाए गए, जिन्हें मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।

मौके से भारी मात्रा में सामग्री बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कच्चा एवं पका हुआ मांस, चार पैर, पूंछ के टुकड़े, खाल तथा वध में इस्तेमाल एक टंगिया और दो धारदार छुरियां जब्त की हैं। बरामद सामग्री के आधार पर थाना बेनूर में प्रकरण दर्ज किया गया।

सभी आरोपी एक ही गांव के निवासी

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी ग्राम मालिंगनार (पटेलपारा) के निवासी हैं। इनके नाम मंगलूराम सलाम, सिद्दू सलाम, मनकूर वड्डे, सुखमन करंगा, रामसिंग सलाम, इतवारु राम करंगा, मंगिया सलाम, सोमारू सलाम, मंगेल सलाम, मनकू वड्डे, सोमजी सलाम और सन्नू शामिल हैं।

कानून के तहत कार्रवाई जारी

पुलिस ने मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5 और 10 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही लोगों से अपील की है कि वे पशु संरक्षण से जुड़े कानूनों का पालन करें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।