रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2026 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। परिणाम जारी होने के साथ ही हजारों अभ्यर्थियों का मुख्य परीक्षा में शामिल होने का रास्ता साफ हो गया है।

आयोग ने पुलिस विभाग में 341 पदों पर भर्ती के लिए 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिलों में प्रारंभिक परीक्षा आयोजित कराई थी। परीक्षा के लिए 183 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए थे।

CGPSC द्वारा जारी परिणाम के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा में सफल 7,301 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया है। अब ये अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में अपनी दावेदारी पेश करेंगे।

24 से 26 अक्टूबर के बीच प्रस्तावित है मुख्य परीक्षा

आयोग के अनुसार, सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर भर्ती की मुख्य परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है। मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए चयनित अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया, तिथियां और अन्य दिशा-निर्देश आयोग अलग से जारी करेगा।

ऑनलाइन देख सकेंगे परिणाम

अभ्यर्थी CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम देख सकते हैं। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों की सूची भी जारी कर दी है।

सफल अभ्यर्थियों में उत्साह

प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद सफल अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल है। अब सभी चयनित उम्मीदवार मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुट गए हैं। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस विभाग में सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर के रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।