रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CG Vyapam) की ओर से प्रयोगशाला परिचारक (PSLA-26) भर्ती परीक्षा का आयोजन 26 जुलाई 2026 (रविवार) को किया जाएगा। रायपुर जिले के 52 परीक्षा केंद्रों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में 16,987 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सोसायटी सभाकक्ष में परीक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर ने की और अधिकारियों को परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नोडल और सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त
परीक्षा के संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर उत्तम प्रसाद रजक को नोडल अधिकारी तथा विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर के रोजगार अधिकारी केदारनाथ पटेल को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
सुबह 6 बजे से शुरू होगा गोपनीय सामग्री का वितरण
भर्ती परीक्षा से जुड़ी गोपनीय सामग्री का वितरण 26 जुलाई की सुबह 6 बजे से जिला कोषालय, कलेक्टर परिसर, रायपुर से किया जाएगा। अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी परीक्षा केंद्रों तक सामग्री पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों पर रहेंगी सभी आवश्यक सुविधाएं
अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर ने सभी केंद्राध्यक्षों और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पेयजल, बिजली, बैठने की समुचित व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही कर्मचारी चयन मंडल द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।
प्रवेश से पहले होगी अनिवार्य फ्रिस्किंग
परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी की परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अनिवार्य फ्रिस्किंग की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बिना जांच के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष में प्रवेश न दिया जाए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।





