रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में तबादलों का दौर लगातार जारी है। बुधवार को 64 निरीक्षकों के तबादले के बाद गुरुवार को पुलिस मुख्यालय ने 15 निरीक्षकों और एक उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) के स्थानांतरण के आदेश जारी कर दिए। यह आदेश डीजीपी अरुणदेव गौतम के हस्ताक्षर से जारी किया गया।
आदेश के मुताबिक, पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) में पदस्थ अशफाक अहमद अंसारी का तबादला उनके गृह जिला सरगुजा कर दिया गया है।
इन अधिकारियों का हुआ तबादला
तबादला सूची के अनुसार रायपुर कमिश्नरी में पदस्थ शिव नारायण सिंह और उपनिरीक्षक देवशरण सिंह को दुर्ग भेजा गया है, जबकि स्वराज त्रिपाठी को सारंगढ़-बिलाईगढ़ में नई जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा भुनेश्वर साहू को रायपुर कमिश्नरी, जन्मेजय पांडेय को बलरामपुर-रामानुजगंज से बालोद, दुर्गेश्वरी चौबे को सरगुजा से रायपुर ग्रामीण, विपुल आनंद जांगड़े को कोरिया से धमतरी तथा दीपक कुमार शर्मा को धमतरी से बस्तर स्थानांतरित किया गया है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी इस नई सूची के साथ ही प्रदेश में पुलिस अधिकारियों के प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला लगातार जारी है। तबादलों का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा सुचारु बनाना बताया जा रहा है।





