कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में भीषण सड़क दुर्घटना हुई है। पंडरिया थाना क्षेत्र के लघान गांव के समीप दो कारों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान कबीरधाम जिले के धरमपुरा निवासी के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार, फ्रॉन्क्स (CG 09 JS 4619) और वैगनआर (MP 50 ZB 0139) कारों के बीच यह टक्कर हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पंडरिया पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।