जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में स्थित एक ग्रामीण बैंक में चोरी की घटना सामने आई है। जर्वे बी गांव स्थित बैंक का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश अंदर घुसा और कंप्यूटर सेट चोरी कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, बैंक प्रबंधक अजय बौद्ध की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देर रात आरोपी बैंक का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुआ और वहां रखे कंप्यूटर उपकरण अपने साथ ले गया।
बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक संदिग्ध युवक नजर आया है, जिसने पहचान छिपाने के लिए अपने चेहरे को गमछे से ढक रखा था। फुटेज के आधार पर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





