खैरागढ़। नगर पालिका खैरागढ़ के इतवारी बाजार स्थित रावण भांठा में करीब 29 लाख रुपये की लागत से बन रही सीसी सड़क के निर्माण कार्य को लेकर कांग्रेस ने गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और कार्य में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया।
निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेताओं का कहना था कि मौके पर न तो नगर पालिका का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद था और न ही निर्माण एजेंसी का प्रतिनिधि। वहां केवल ठेकेदार का एक रिश्तेदार मिला, जो निर्माण कार्य से जुड़े सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
इसके बाद डॉ. अरुण भारद्वाज ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पुनीत राम वर्मा से फोन पर चर्चा कर निर्माण की गुणवत्ता पर आपत्ति जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन और धरना प्रदर्शन करेगी। शिकायत के बाद सीएमओ ने अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किए जाने तक निर्माण कार्य तत्काल रोकने के निर्देश दिए।
विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि यह इलाका हर वर्ष बाढ़ की चपेट में आता है, इसलिए सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। वहीं, नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन ने पूरे मामले की तकनीकी जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
निरीक्षण के दौरान शेखर दास वैष्णव सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




