पति की दरिंदगी: पत्नी को जबरन जहर पिलाकर हत्या का आरोप, दो मासूमों के सिर से उठा मां का साया

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के लेडुवा गांव में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पति पर जबरन जहर पिलाकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया, जबकि एक पिता ने अपनी इकलौती बेटी को हमेशा के लिए खो दिया। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

मौत से पहले पिता को सुनाई आपबीती

पुलिस के अनुसार, मृतका आरती ने दम तोड़ने से पहले अपने पिता को पूरी घटना बताई थी। उसने आरोप लगाया था कि उसके पति ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर जबरन जहर पिला दिया। बेटी की आपबीती सुनने के बाद पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की।

पांच वर्ष पहले हुआ था विवाह

जानकारी के मुताबिक, कोरिया जिले के अंगा गांव निवासी आरती का विवाह करीब पांच वर्ष पहले सूरजपुर जिले के रामानुजनगर विकासखंड के लेडुवा गांव निवासी दिनेश साहू से हुआ था। विवाह के बाद वह अपने पति के साथ ससुराल में रह रही थी। आरोप है कि पारिवारिक विवाद के दौरान दिनेश साहू ने आरती के साथ मारपीट की और उसे जहर पिला दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर है।

पिता को पहले बुलाया, फिर दी जहर खाने की सूचना

मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन आरोपी दिनेश साहू ने उन्हें फोन कर कहा था कि वह उनकी बेटी से परेशान हो चुका है और उसे अपने साथ ले जाएं। इस पर पिता ने एक घंटे के भीतर पहुंचने की बात कही। लेकिन कुछ ही देर बाद आरोपी का दोबारा फोन आया और उसने बताया कि आरती ने जहर खा लिया है तथा उसे जिला अस्पताल ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पिता अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी बेटी बेहोश अवस्था में मिली। बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।