जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 440.63 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। गांजे को मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल करीब 20 लाख रुपये कीमत का मिनी ट्रक भी जब्त किया गया है।

लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पकड़ा गया ट्रक

पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की जांच तेज कर दी।

मिर्ची की बोरियों के नीचे मिले 440 पैकेट

जांच के दौरान टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को रोका गया। वाहन में सवार दोनों लोगों ने बताया कि ट्रक में मिर्ची की बोरियां हैं। पुलिस ने जब बोरियों को हटाकर नीचे तलाशी ली तो टेप से लिपटे पैकेट मिले। कुल 14 बोरियों से 440 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 440.63 किलोग्राम पाया गया।

प्रयागराज के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पुलिस ने वाहन में सवार मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) को गिरफ्तार किया है। दोनों उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मुंडेरा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। आरोपियों के पास गांजे से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। दोनों के खिलाफ तपकरा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

ओडिशा से प्रयागराज ले जा रहे थे गांजा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा ओडिशा क्षेत्र से लेकर प्रयागराज जा रहे थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

कुल 2.40 करोड़ रुपये से अधिक की जब्ती

पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की कीमत 2.20 करोड़ रुपये से अधिक और जब्त मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपये है। इस तरह पूरी कार्रवाई में कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

2026 में अब तक 1906 किलो गांजा जब्त

पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक जशपुर जिले में गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 1906 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी कीमत लगभग 8 करोड़ रुपये बताई गई है। इन मामलों में 22 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।