कांकेर, 8 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में करोड़ों रुपये के गांजा तस्करी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस को चकमा देकर फरार हुए आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान सुखपाल उर्फ सुक्खा के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल फॉर्च्यूनर वाहन भी जब्त किया है। तलाशी के दौरान गाड़ी से छह अलग-अलग नंबर प्लेट मिलने के बाद तस्करी के तरीके को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस से बचने पहाड़ी के पास फेंक दिया था गांजा

जानकारी के अनुसार, आरोपी ओडिशा के मलकानगिरी से फॉर्च्यूनर वाहन में गांजा लेकर हरियाणा की ओर जा रहा था। कांकेर पुलिस को इसकी सूचना मिलने पर अलग-अलग स्थानों पर नाकेबंदी की गई। पुलिस की घेराबंदी का पता चलते ही आरोपी ने सिंगारभाट पहाड़ी के नीचे कचरे के ढेर के पास गांजे के पैकेट फेंक दिए और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर करीब 2 करोड़ 23 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद किया।

तकनीकी सुराग से हरियाणा तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के दौरान पुलिस और साइबर टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी जानकारी के आधार पर उसके हरियाणा में छिपे होने का पता चला। इसके बाद पुलिस टीम ने फतेहाबाद जिले में दबिश देकर 30 वर्षीय सुखपाल उर्फ सुक्खा को गिरफ्तार कर लिया।

गाड़ी की पहचान बदलने के लिए रखी थीं नंबर प्लेट

आरोपी के कब्जे से जब्त फॉर्च्यूनर वाहन की जांच में छह अलग-अलग नंबर प्लेट बरामद होने की जानकारी सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पुलिस की निगरानी से बचने और वाहन की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट बदलता था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश

इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है। ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए हरियाणा तक मादक पदार्थ पहुंचाने में किन लोगों की भूमिका थी, इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में अन्य आरोपियों के नाम सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।