कांकेर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कांकेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चारामा थाना पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने राजधानी बस में गांजा तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 5 किलो 80 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर बस में दबिश
पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त को चारामा थाना और जिला साइबर सेल की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो लोग राजधानी बस के जरिए अवैध रूप से गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम सक्रिय हुई और संदिग्ध बस की जांच शुरू की।
बस में सवार यात्रियों की जांच के दौरान पुलिस की नजर दो संदिग्धों पर पड़ी। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से गांजा बरामद हुआ। वजन कराने पर गांजे की मात्रा 5 किलो 80 ग्राम निकली।
गाजियाबाद की महिला और सुकमा का युवक गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में इमराना (40), निवासी गिरी मार्केट, लोनी, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) और संजीत कुमार सिंह (28), निवासी चिंतलनार, जिला सुकमा (छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार किया है।
दोनों के खिलाफ चारामा थाने में अपराध क्रमांक 175/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।
गांजा कहां से आया, कहां होनी थी सप्लाई? जांच जारी
पुलिस अब गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां तलाश रही है। आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
कांकेर पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।





