सुकमा। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सुकमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर तीन अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 32 किलो 765 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 16 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।


ट्रॉली बैग में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोन्टा ढेंग के पास घेराबंदी की और तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के ट्रॉली बैग से गांजा बरामद हुआ। इसके बाद तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।


16.51 लाख रुपये का माल जब्त

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की गई है। जब्त किए गए पूरे सामान की कुल कीमत 16 लाख 51 हजार 410 रुपये बताई गई है।


ओडिशा से दिल्ली ले जाने की थी तैयारी

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए आरोपियों में दो उत्तर प्रदेश और एक महाराष्ट्र का निवासी है। आरोप है कि वे गांजा ओडिशा से दिल्ली की ओर ले जा रहे थे।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन और एएसपी मनोज तिर्की के निर्देशन में की गई।