बलरामपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की खेती का खुलासा किया है। बरियों चौकी क्षेत्र के ग्राम खुखरी स्थित रखैतपारा में पुलिस टीम ने दबिश देकर 112 गांजे के पौधे बरामद किए। जब्त पौधों की कीमत करीब 3.50 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

बताया जा रहा है कि पुलिस को गांव में प्रतिबंधित गांजे की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना की तस्दीक के बाद टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान खेत में बड़ी संख्या में गांजे के पौधे लगे मिले। इसके बाद पुलिस ने पौधों को उखाड़कर जब्ती की कार्रवाई की।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। उससे पूछताछ कर यह जानकारी जुटाई जा रही है कि गांजे की खेती कितने समय से की जा रही थी और तैयार फसल को कहां सप्लाई किया जाना था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।