दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के जवान को अगवा कर बंधक बनाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। करीब 11 लाख रुपये के पुराने लेन-देन को लेकर हुए विवाद में जवान को कथित तौर पर जबरन एक मकान में ले जाया गया। आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई और दबाव बनाकर स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर कराए गए। जवान ने किसी तरह आरोपितों के चंगुल से निकलकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने इस मामले में एक महिला और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार किया है।

थाने जाते समय जवान को जबरन ले गए आरोपित

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित जवान विजय शील रायगढ़ स्थित छठवीं बटालियन में पदस्थ है। उसका एक महिला से करीब 11 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले में वह दुर्ग पहुंचा था।

बताया जा रहा है कि जवान दुर्ग कोतवाली थाने की ओर जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया और जबरन अपने साथ ले गए। इसके बाद उसे पुलगांव थाना क्षेत्र के गोकुल नगर के समीप एक कॉलोनी में स्थित मकान में रखा गया।

बंधक बनाकर की मारपीट, दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराने का आरोप

जवान का आरोप है कि मकान में उसे बंधक बनाकर मारपीट की गई। आरोपितों ने पुराने आर्थिक विवाद को लेकर उस पर दबाव बनाया और जबरन स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर करा लिए। इस दौरान जवान को वहां से बाहर नहीं निकलने दिया गया।

मौका मिलते ही अधिकारियों को भेजी लोकेशन

बंधक बनाए जाने के दौरान जवान ने सूझबूझ का परिचय दिया। उसने मौका मिलते ही अपने मोबाइल से कमांडेंट और वरिष्ठ अधिकारियों को लाइव लोकेशन भेज दी।

इसके बाद जवान किसी तरह मकान से निकलने में कामयाब रहा। आरोपितों से बचने के लिए वह पास के जंगल में जाकर छिप गया। वहां से उसने अधिकारियों से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी और सहायता मांगी।

रातभर चला तलाशी अभियान, सुबह मिला जवान

जवान के लापता होने और बंधक बनाए जाने की सूचना मिलते ही यूनिट के अधिकारियों ने दुर्ग पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खोजबीन शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने रातभर आसपास के इलाकों में तलाश की। सुबह जवान सुरक्षित मिल गया। इसके बाद उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

महिला और ड्राइवर पुलिस की गिरफ्त में

पुलिस ने मामले में हरजिंदर कौर (47) और उसके ड्राइवर कृष्ण कुमार सिन्हा (37) को गिरफ्तार किया है। दोनों पर जवान के अपहरण, मारपीट और जबरन दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराने के आरोप हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपितों से पूछताछ करने के साथ ही पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में अन्य लोगों की क्या भूमिका रही और 11 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद किस वजह से बढ़ा।