लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र में हुए दंपति के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक के सगे भाई ने ही पैतृक जमीन के विवाद और पुरानी रंजिश में अपने भाई और भाभी की हत्या की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामला ग्राम नवलपुर का है। यहां एक बंद मकान से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दी थी। मकान का ताला खोलने पर अंदर 50 वर्षीय नंदकुमार कश्यप और उनकी पत्नी गौरीबाई कश्यप के शव बिस्तर पर मिले थे। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू की।
भाई पर गहराया शक, पूछताछ में खुला राज
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में लोरमी पुलिस, साइबर सेल और विशेष टीम ने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मृतक के सगे भाई नंदु कश्यप की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो मामले की परतें खुलती चली गईं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि परिवार में पैतृक जमीन के करीब 50 डिसमिल हिस्से को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसने 19 अगस्त की रात कुदरी से हमला कर भाई नंदकुमार और भाभी गौरीबाई की हत्या कर दी।
हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुदरी भी बरामद कर ली है। आरोपी नंदु कश्यप को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।





