कांकेर। छत्तीसगढ़ में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। इस बार साइबर अपराधियों ने कांकेर से भाजपा विधायक आशाराम नेताम के व्हाट्सएप अकाउंट को निशाना बनाया है। अज्ञात ठग उनके अकाउंट का गलत इस्तेमाल कर परिचितों और समर्थकों को संदेश भेजकर रुपये की मांग कर रहे हैं। घटना सामने आने के बाद विधायक ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
विधायक के नाम पर भेजे जा रहे पैसों के संदेश
जानकारी के अनुसार, विधायक आशाराम नेताम का व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने के बाद उनके संपर्क में मौजूद लोगों को आर्थिक मदद के नाम पर संदेश भेजे जाने लगे। इसकी जानकारी मिलने पर विधायक ने तत्काल वीडियो संदेश जारी कर स्पष्ट किया कि उनके नाम से की जा रही पैसों की मांग फर्जी है।
वीडियो जारी कर समर्थकों को किया सावधान
विधायक ने आम नागरिकों और समर्थकों से कहा कि उनके व्हाट्सएप नंबर से रुपये मांगने वाला कोई भी संदेश प्राप्त होने पर उस पर विश्वास न करें। उन्होंने लोगों से बिना पुष्टि किसी भी खाते में रकम ट्रांसफर नहीं करने की अपील की है।
साइबर सेल कर रही मामले की जांच
घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस और साइबर सेल की टीम मामले की जांच में जुटी है। ठगी के प्रयास के पीछे शामिल लोगों का पता लगाया जा रहा है।
इस घटना के बाद एक बार फिर साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत सामने आई है। पुलिस की ओर से भी लगातार लोगों को अनजान लिंक, संदिग्ध संदेश और ऑनलाइन पैसों की मांग से सावधान रहने की सलाह दी जाती रही है।





