बिलासपुर। शहर के खपरगंज इलाके में शुक्रवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद और पथराव के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी है। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सोशल मीडिया पर कमेंट के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट को लेकर किए गए विवादित कमेंट के बाद दो पक्षों के बीच तनाव शुरू हुआ। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। नारेबाजी के साथ विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और पथराव की स्थिति बन गई। इस दौरान कुछ लोगों और पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है।
हालात बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मोर्चा संभाला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह समेत पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर खपरगंज और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई।
चार से अधिक लोगों के जमा होने पर रोक
धारा 144 के तहत सिटी कोतवाली क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर तलवार, चाकू, लाठी और भाला समेत अन्य हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध लगाया गया है। बिना अनुमति सभा, रैली, जुलूस, धरना, प्रदर्शन और हड़ताल नहीं की जा सकेगी। एक स्थान पर चार से अधिक लोगों के एकत्र होने पर भी रोक लगाई गई है। हालांकि सामान्य पारिवारिक आवागमन और आदेश में निर्धारित अन्य श्रेणियों को छूट दी गई है। किसी आयोजन के लिए एसडीएम से अनुमति लेना जरूरी होगा।
तोड़फोड़ और सड़क जाम करने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, तोड़फोड़ करने, सड़क जाम करने और दहशत फैलाने जैसी गतिविधियों पर भी रोक लगाई है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बीएनएस की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने के साथ अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल प्रशासन के मुताबिक स्थिति नियंत्रण में है।





