बिलासपुर। खपरगंज इलाके में दो पक्षों के बीच हुए विवाद, पथराव और हिंसक झड़प के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में कथित मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर सोहेल खान ने कोनी थाने में सरेंडर कर दिया है। वहीं पुलिस ने उसके तीन फरार साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। चारों आरोपियों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त की रात खपरगंज में बिरयानी सेंटर के पास दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने अपने समर्थकों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद बीच सड़क पर जमकर पथराव हुआ, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे।
घटना के बाद से खपरगंज निवासी सोहेल खान फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। बढ़ते पुलिस दबाव के बीच करीब चार दिन फरार रहने के बाद 1 सितंबर की रात सोहेल खान ने कोनी थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
इसी बीच पुलिस ने उसके फरार साथियों अरबाज, अब्दुल रज्जाक और एक अन्य आरोपी को लालखदान इलाके से पकड़ लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
भारी पुलिस बल किया गया था तैनात
खपरगंज में हुई हिंसक झड़प के दौरान हालात बिगड़ने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा था। कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे।
पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
ठाकुर राम सिंह अब भी फरार
इससे पहले पुलिस ने दोनों पक्षों से कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें सोहेल गुट के आठ और ठाकुर राम सिंह गुट के तीन आरोपी शामिल थे। सोहेल खान के सरेंडर के बाद मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या बढ़ी है। वहीं दूसरा प्रमुख आरोपी ठाकुर राम सिंह अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी और घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।





