बिलासपुर। शहर के खपरगंज इलाके में 28 अगस्त को दो पक्षों के बीच हुए विवाद, मारपीट और पथराव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अब तक कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें हिस्ट्रीशीटर सोहेल खान समेत उसके गुट के 17 लोग शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से तीन आरोपियों को पकड़ा गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का जुलूस निकालकर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया। वहीं दूसरे पक्ष के मुख्य आरोपी ठाकुर राम सिंह की तलाश जारी है।
आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से कट्टा, एयर पिस्टल और अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल बाकी लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका की अलग-अलग जांच की जा रही है। जिन अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया टिप्पणी और पुरानी रंजिश से शुरू हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि खपरगंज में युवकों के दो गुटों के बीच सोशल मीडिया पर कथित टिप्पणी और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते मामला मारपीट और पथराव तक पहुंच गया।
दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से इलाके में तनाव बढ़ गया। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने और लाठीचार्ज करना पड़ा।
पुलिस पर भी हुआ था पथराव
उपद्रव के दौरान भीड़ ने पुलिस टीम पर भी पथराव कर दिया था। इसमें तारबाहर थाना प्रभारी रवि तिवारी समेत नौ पुलिसकर्मी घायल हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए।
सोहेल खान गुट से गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार, इस पक्ष से मौला बक्स उर्फ जूब्बू, शेख अजरूद्दीन उर्फ अज्जू, मोहम्मद जाहिद खान, सफीक अहमद उर्फ राजा खान, शकीर उर्फ सोनू, मोहम्मद लाईक, रेहान अली उर्फ ईरानी, मोहम्मद जुनैद, शेर खान उर्फ नईम खान, मोहम्मद अजहर कुरैशी, विजेन्द्र अनंत उर्फ छोटू, अब्दुल रज्जाक, अरबाज खान, सोहेल खान उर्फ मुस्तकीन, नुमान अली, शेख सुलतान और मोहम्मद मुस्तकीन को गिरफ्तार किया गया है।
दूसरे पक्ष से तीन आरोपी गिरफ्तार
दूसरे पक्ष से राजू यादव, राकेश यादव उर्फ रिंकु और छत्रपाल साहू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब ठाकुर राम सिंह समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
मामले की जांच वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और बरामद साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।





