बिलासपुर। जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों भाई सड़क किनारे खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार माजदा वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

गर्भवती रिश्तेदार का हाल जानने गए थे तीनों भाई

जानकारी के अनुसार, ग्राम भटगांव निवासी बरातु दास मानिकपुरी अपने भाई प्रीतम दास और चंदू दास के साथ रिश्तेदार प्रदीप मानिकपुरी के घर गए थे। प्रदीप की बेटी गर्भवती है और तीनों भाई उसका हालचाल जानने पहुंचे थे। वापस लौटने के दौरान उन्होंने घर के सामने सड़क किनारे बाइक खड़ी की और बातचीत करने लगे।

तेज रफ्तार वाहन ने मारी जोरदार टक्कर

इसी दौरान सेवार की ओर से आ रही माजदा गाड़ी ने तीनों भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी बाइक वाहन के अगले पहिए में फंसकर कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। इसके बाद माजदा सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई।

अस्पताल में दो भाइयों ने तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बिल्हा अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बरातु दास और प्रीतम दास को मृत घोषित कर दिया। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। वहीं, चंदू दास के कंधे और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।

वाहन जब्त, फरार चालक की तलाश

मृतक के बेटे रूपेन्द्र दास की रिपोर्ट पर बिल्हा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने हादसे में शामिल माजदा वाहन को जब्त कर लिया है। वाहन चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।