अंबिकापुर। सरगुजा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में बारिश के मौसम का आनंद लेने बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। लेकिन कुछ बाइकर्स गैंग की लापरवाही और खतरनाक करतूतों ने पर्यटकों व स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों से तेज आवाज निकालते हुए सड़क पर स्टंट और तेज रफ्तार से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
तेज रफ्तार और शोर से बिगड़ रहा पर्यटन का माहौल
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइकर्स न केवल यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं, बल्कि मॉडिफाइड साइलेंसर के जरिए तेज धमाकेदार आवाज निकालकर पूरे इलाके का शांत माहौल भी खराब कर रहे हैं। इससे पर्यटकों का सुकून भंग हो रहा है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
सोशल मीडिया पर भी ऐसे कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें युवक सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक स्टंट करते और तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाते नजर आ रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
लगातार सामने आ रही घटनाओं के बावजूद स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाइकर्स के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसे लेकर मैनपाट पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों ने प्रशासन से मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बाइकों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मैनपाट की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और पर्यटकों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों पर तत्काल अंकुश लगाना जरूरी है।





