बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में करीब दो करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि लूट की पूरी कहानी मनगढ़ंत थी। कर्ज के दबाव से परेशान एक सराफा कारोबारी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पुलिस को गुमराह करने की योजना बनाई थी। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ में मिले सुरागों ने उसकी साजिश की पोल खोल दी।
व्यापारी ने पुलिस को सुनाई थी लूट की कहानी
जानकारी के अनुसार, गीदम निवासी सराफा कारोबारी स्वरूप सोनी ने 9 नवंबर को नेलसनार थाने पहुंचकर लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि वह चालक देवेंद्र ठाकुर और कपड़ा व्यवसायी ललित बुरड़ के साथ भैरमगढ़ से गीदम लौट रहा था। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर पांडेमुर्गा चौक के पास हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें रोककर कीमती आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए।
100 से अधिक कैमरों की जांच से मिला सुराग
करोड़ों रुपये की लूट की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर तीन विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के दौरान कथित तौर पर लूटे गए तीन मोबाइल फोन सड़क किनारे जंगल में एक ही स्थान पर मिले। इस बात ने पुलिस का संदेह बढ़ा दिया।
अलग-अलग पूछताछ में उलझ गए तीनों के बयान
पुलिस ने सराफा कारोबारी और उसके दोनों साथियों से अलग-अलग पूछताछ की। इस दौरान तीनों के बयानों में कई विरोधाभास सामने आए। सख्ती से पूछताछ करने पर कथित लूट की कहानी झूठी निकली।
पुलिस जांच के मुताबिक, व्यापारी लंबे समय से आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। उस पर कर्ज चुकाने का दबाव बढ़ रहा था। इसी परेशानी से निकलने के लिए उसने लूट का नाटक करने की योजना बनाई और अपने दो परिचितों को भी इसमें शामिल कर लिया।
पुलिस को गुमराह करना पड़ा भारी
इस खुलासे के बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता सामने रखी। अधिकारियों ने कहा कि झूठी शिकायत दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करना गंभीर मामला है। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है।
करीब दो करोड़ रुपये की कथित लूट से शुरू हुआ यह मामला आखिरकार कारोबारी की रची साजिश निकला। पुलिस की सतर्कता, तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज ने फर्जी वारदात की सच्चाई उजागर कर दी।





