भिलाई। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक शहर भिलाई को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने अपनी कार्यप्रणाली में बदलाव करते हुए देशभर के औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए नई सेक्टर आधारित कमांड व्यवस्था लागू की है। इस बदलाव के तहत भिलाई को स्टील सेक्टर का राष्ट्रीय मुख्यालय बनाया गया है।
नई व्यवस्था एक नवंबर 2026 से प्रभावी हो गई है। इसके तहत अब CISF की कमांड प्रणाली केवल भौगोलिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उद्योगों की प्रकृति के अनुसार सुरक्षा की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
भिलाई बनेगा देश के स्टील उद्योगों की सुरक्षा का केंद्र
CISF की नई कार्यात्मक कमान प्रणाली के तहत देश के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों को अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है। इसमें पावर सेक्टर के लिए नई दिल्ली और कोलकाता, कोयला सेक्टर के लिए रांची, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस सेक्टर के लिए गुवाहाटी तथा बंदरगाहों की सुरक्षा के लिए मुंबई और चेन्नई में मुख्यालय निर्धारित किए गए हैं।
सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में मिलेगी मदद
CISF के अनुसार, पहले एक क्षेत्रीय कमान के अंतर्गत 50 से अधिक विभिन्न प्रकार के प्रतिष्ठानों की सुरक्षा की जिम्मेदारी रहती थी। इससे अलग-अलग उद्योगों की विशिष्ट सुरक्षा आवश्यकताओं को संभालने में कठिनाई होती थी। नई व्यवस्था लागू होने से प्रत्येक औद्योगिक क्षेत्र के लिए विशेषज्ञ नेतृत्व उपलब्ध होगा।
इसके अलावा साइबर हमलों, ड्रोन से उत्पन्न खतरों और औद्योगिक नियंत्रण प्रणालियों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। नई प्रणाली से आपात परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी।
भिलाई में स्टील सेक्टर का राष्ट्रीय मुख्यालय स्थापित होना छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अब देशभर के इस्पात संयंत्रों की सुरक्षा से जुड़े कार्यों का संचालन और समन्वय भिलाई से किया जाएगा।





