सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर सुकमा में राष्ट्रीय एकता का संदेश। नक्सल प्रभावित रहे पुवर्ती, गोगुंडा और किस्टाराम जैसे अंदरूनी क्षेत्रों में भी ग्रामीणों और सुरक्षा बलों ने एक साथ देखा परेड का सीधा प्रसारण।
सुकमा, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और एकजुटता का माहौल देखने को मिला। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड का जिले के 102 स्थानों पर सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान करीब 18 से 20 हजार सुरक्षा जवानों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लिया। सुरक्षा कैंपों से लेकर गांवों तक 'भारत माता की जय' के नारे गूंजते रहे।
102 केंद्रों पर लाइव प्रसारण की व्यवस्था
पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देश पर जिले के थानों, सुरक्षा कैंपों, पोटाकेबिन और छात्रावासों में बड़ी स्क्रीन, टीवी और प्रोजेक्टर लगाए गए थे। शाम 5:30 बजे से आयोजित लाइव स्क्रीनिंग में बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी की।
सभी आयोजन स्थलों पर बैठने, छाया और पेयजल की व्यवस्था भी की गई थी।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जवानों के साथ बैठे ग्रामीण
कार्यक्रम की विशेष झलक पुवर्ती, गोगुंडा, गोलापल्ली और किस्टाराम जैसे अंदरूनी इलाकों में देखने को मिली। लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों से प्रभावित रहे इन क्षेत्रों में ग्रामीणों ने सुरक्षा बलों के जवानों के साथ बैठकर राष्ट्रीय एकता परेड देखी।
ग्रामीणों और जवानों की संयुक्त भागीदारी ने आपसी विश्वास, शांति और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।
शारदा सिनेमा में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने देखी परेड
सुकमा जिला मुख्यालय स्थित शारदा सिनेमा में भी विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर अमित कुमार, सीआरपीएफ डीआईजी आनंद राज पुरोहित और पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि दीपिका शोरी, धनीराम बरसे सहित प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
राष्ट्रीय एकता और अखंडता का दिया संदेश
राष्ट्रीय एकता दिवस के आयोजन के माध्यम से पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया गया। स्कूली बच्चों को भी कार्यक्रम से जोड़कर राष्ट्रीय एकता और देश की अखंडता का महत्व बताया गया।
जिला मुख्यालय से लेकर दूरस्थ सुरक्षा कैंपों तक आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
सुकमा में आयोजित इस कार्यक्रम ने राष्ट्रीय एकता के साथ पुलिस, सुरक्षा बलों और ग्रामीणों के बीच बढ़ते आपसी सहयोग की झलक पेश की।





