बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में जंगली जानवरों की आवाजाही से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। ताजा मामला ग्राम भैंसबोड़ का है, जहां देर रात एक भालू अचानक मंदिर परिसर में पहुंच गया। यहां उसने मंदिर में रखा तेल का डिब्बा उठाया और अपने साथ लेकर चला गया। भालू की इस हरकत का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में भय का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, भालू रात के समय गांव में दाखिल हुआ और मंदिर तक पहुंच गया। कुछ देर तक परिसर में घूमने के बाद वह वहां रखा तेल का डिब्बा लेकर बाहर निकल गया। इस अप्रत्याशित घटना ने ग्रामीणों को हैरान कर दिया है।
रात में घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे लोग
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी भालू की मौजूदगी देखी जा चुकी है। जंगल से लगे गांवों में वन्यजीवों की आवाजाही के कारण लोगों को लगातार सतर्क रहना पड़ रहा है। ताजा घटना के बाद ग्रामीणों में डर और बढ़ गया है। लोग रात के समय अकेले बाहर निकलने से बच रहे हैं।
वन विभाग से निगरानी बढ़ाने की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालू की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, भालू दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने या उसे भगाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना देना जरूरी है।





