पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के मरवाही वनमंडल में जंगली भालू के हमले से एक ही दिन में तीन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना नाका बीट क्षेत्र की है। घायलों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। लगातार सामने आ रही भालू की गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत है और वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की जा रही है।
जंगल की ओर गए थे ग्रामीण, अचानक भालू ने किया हमला
जानकारी के मुताबिक लालजी, सीतल और मनोज वाकरे जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक उनका सामना जंगली भालू से हो गया। भालू ने तीनों पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत सभापति राधा रैदास ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए निजी वाहन की व्यवस्था कराई। तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
वन विभाग ने दी तत्काल सहायता राशि
भालू के हमले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी सक्रिय हुई। विभाग की ओर से घायल ग्रामीणों को तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है।
वन विभाग के रेंजर ने पीड़ित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
इलाके में दहशत, ग्रामीणों ने की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
एक ही दिन में तीन ग्रामीणों पर भालू के हमले के बाद नाका बीट और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है।





