जगदलपुर। बस्तर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। दो दिनों के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में पुलिस ने करीब 56 किलो गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 28.07 लाख रुपये आंकी गई है। एक आरोपी ओडिशा से स्कूटी में गांजा लेकर जगदलपुर की ओर आ रहा था, जबकि दूसरे ने गांजे को घर और आंगन में जमीन के नीचे प्लास्टिक ड्रम में छिपाकर रखा था।
स्कूटी से ला रहा था 14 किलो से अधिक गांजा
बोधघाट पुलिस को 30 अगस्त की सुबह सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नीले रंग की स्कूटी से ओडिशा की ओर से नानगुर होते हुए आड़ावाल रेलवे फाटक की तरफ आ रहा है। उसके पास बोरी में गांजा होने की सूचना थी। इसके बाद पुलिस टीम ने रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध स्कूटी को रोककर चालक से पूछताछ की गई। उसने अपना नाम लखमू नाग (33), निवासी कावापाल नाका पारा, थाना नानगुर, जिला बस्तर बताया। तलाशी लेने पर स्कूटी में रखी सफेद बोरी से 14.144 किलो गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 7 लाख 7 हजार 200 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पुराना वीवो मोबाइल फोन, स्कूटी और 500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। गांजे समेत जब्त सामान की कुल कीमत करीब 7 लाख 42 हजार 200 रुपये आंकी गई है।
जमीन में ड्रम दबाकर छिपाया था 42 किलो गांजा
दूसरी कार्रवाई 31 अगस्त को करपावंड थाना क्षेत्र के छतौड़ी गांव में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव निवासी लालू प्रसाद बघेल (25) ने बिक्री के उद्देश्य से अपने घर में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर पर दबिश देकर तलाशी ली।
जांच के दौरान पुलिस को घर के आंगन की बाड़ी में जमीन के अंदर दबा हुआ एक प्लास्टिक ड्रम मिला। ड्रम खोलने पर उसमें गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा घर के अंदर रखी सफेद बोरी में भी गांजा मिला। दोनों स्थानों से पुलिस ने करीब 42 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 21 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक पुराना टच स्क्रीन मोबाइल और 1,200 रुपये नकद भी बरामद किए। गांजा रखने और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई कागजात पेश नहीं कर सका।
दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बोधघाट की कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान और करपावंड की कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक दिलबाग सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में बस्तर पुलिस जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान चला रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।





