बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में साधु का भेष बनाकर लोगों को तंत्र-मंत्र का भय दिखाने और रुपये ऐंठने की कोशिश करने वाले तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। तीनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपितों को हिरासत में लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया।

भगवा कपड़े पहनकर लोगों को बनाते थे निशाना

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तीनों आरोपित पिछले कुछ दिनों से बालोद शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में घूम रहे थे। वे भगवा वस्त्र पहनकर खुद को साधु के रूप में प्रस्तुत करते थे। आरोप है कि तंत्र-मंत्र और अनिष्ट होने का भय दिखाकर लोगों से रुपये मांगते थे। रुपये नहीं मिलने पर कुछ लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करने की शिकायत भी सामने आई थी।

शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बालोद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को सदर रोड और एक को सिवनी इलाके से पकड़ लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद तीनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं तीनों आरोपित

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए लोगों में उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले का रहने वाला विद्यासागर और उसका 18 वर्षीय बेटा कृष्ण सागर शामिल हैं। तीसरे आरोपित की पहचान देवरिया जिले के निवासी अतुल पाण्डेय के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

अंधविश्वास के नाम पर ठगी से बचने की अपील

बालोद एसडीओपी विनय कुमार ने आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तंत्र-मंत्र या किसी अनिष्ट का डर दिखाकर रुपये मांगने वालों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। ऐसे लोगों के बहकावे में आकर पैसे न दें।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना नजदीकी थाने में दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।