बालोद, 8 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में धनतेरस की रात एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। महामाया थाना क्षेत्र के आडेझर गांव में पत्नी से विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने मामा ससुर पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर खूंटे से बांध दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शराब के नशे में पत्नी से कर रहा था विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना धनतेरस की रात करीब 12 बजे की है। गांव निवासी सुखराम नेताम शराब के नशे में अपनी पत्नी से विवाद कर रहा था। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर उसने पास में सो रहे अपने मामा ससुर रत्तीराम पर टंगिया से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की जान चली गई।

चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीण, आरोपी को पकड़ा

वारदात के बाद घर में मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोपी सुखराम नेताम को पकड़ लिया और भागने से रोकने के लिए खूंटे से बांध दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, हत्या की वजह खंगालने में जुटी

सूचना मिलते ही महामाया थाना पुलिस और डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जानकारी में पारिवारिक विवाद के दौरान हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

त्योहार की रात हुई इस घटना से गांव में शोक का माहौल है। वहीं, परिवार में खुशियों की जगह मातम पसर गया है।