पेन खरीदने घर से निकली थी आठवीं की छात्रा, देर रात बेहोशी की हालत में मिली; 12 दिन बाद परिजनों को बताई आपबीती, पुलिस ने शुरू की जांच

बालोद, 29 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 13 वर्षीय छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। रनचिरई थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन लोगों पर नाबालिग को धमकाकर घर ले जाने और उसके साथ यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है।


पेन खरीदने निकली छात्रा देर रात तक नहीं लौटी

जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे आठवीं कक्षा की छात्रा पेन खरीदने की बात कहकर घर से निकली थी। रात आठ बजे तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात करीब 11 बजे परिवार को बच्ची के एक रिश्तेदार के घर बेहोशी की हालत में मिलने की सूचना मिली।

परिजन उसे तत्काल गुंडरदेही अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अगले दिन उसे घर लाया गया।


12 दिन बाद मां को बताई घटना

परिजनों के अनुसार, घटना के बाद बच्ची काफी डरी-सहमी रहने लगी थी। मां के पूछने पर 26 अक्टूबर को उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।

शिकायत के मुताबिक, गांव के दो युवकों ने उसे धमकाकर एक घर में पहुंचाया, जहां तीसरे व्यक्ति को भी बुलाया गया। आरोप है कि तीनों ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई।


मां की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया अपराध

पीड़िता की मां ने 27 अक्टूबर को परिजनों और गांव के प्रतिनिधियों के साथ रनचिरई थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 70(2), 137(2), 127(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) एवं 6 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।


एक नाबालिग समेत तीन हिरासत में

एसडीओपी विनय साहू के अनुसार, मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग पर घटना में प्रमुख भूमिका निभाने का आरोप है।

तीनों को संबंधित न्यायालय अथवा किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।